दून में दिनदहाड़े शूटआउटः जिम से निकलते ही बरसी गोलियां, हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा ढेर

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। राजधानी देहरादून एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को सिर में गोली मार दी। हमले में 45 वर्षीय विक्रम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार विक्रम शर्मा जिम में वर्कआउट करने के बाद मॉल से बाहर निकल रहा था। तभी पैदल आए दो हमलावर उसके पास पहुंचे और बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसके सिर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर पास में खड़े तीसरे साथी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

घायल विक्रम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना राजपुर पुलिस ने हत्या की पुष्टि करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक मृतक विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला था और वर्तमान में देहरादून में रह रहा था। वह सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में निवास करता था तथा प्रॉपर्टी डीलिंग और खनन व्यवसाय से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह हिस्ट्रीशीटर भी था।

घटना की सूचना मिलते ही आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी अजय सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि मृतक के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह हथियार साथ लेकर चल रहा था, लेकिन अचानक हुए हमले में उसे संभलने का मौका नहीं मिल पाया। पुलिस आपसी रंजिश या कारोबारी विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें -   १३ फरवरी २०२६ शुक्रवार का पंचांग, जानिए राशिफल में आज का दिन आपका कैसा रहेगा

दो दिन पहले भी हुई थी सनसनीखेज हत्या
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश 12 लाख रुपये में रची गई थी, जिसमें अर्जुन की मां समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से राजधानी देहरादून में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440