71वें गढ़वाल कप का शानदार शुभारंभ: कोटद्वार में फुटबॉल का महोत्सव, ऋषिकेश एफसी विजयी, सिद्धबली-श्रीनगर ड्रॉ

खबर शेयर करें

समाचार सच, कोटद्वार (कण्वनगरी) डेस्क। गढ़वाल का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले ऐतिहासिक नगर कोटद्वार में 71वें गढ़वाल कप राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज हो गया। स्व. शशिधर भट्ट राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण ने विशिष्ट अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में डॉ. साकेत बडोला (निदेशक, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व), सुमन कोटनाला (अध्यक्ष, मंडी समिति), कमल नेगी और अनूप मिश्रा बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। इससे पूर्व पीएम श्री जी.जी.आई.सी. कोटद्वार के बैंड द्वारा शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। विधानसभा अध्यक्ष एवं स्व. शशिधर भट्ट की धर्मपत्नी श्रीमती मायादेवी भट्ट ने मां सरस्वती एवं स्व. भट्ट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। छात्राओं के स्वागत गीत और गढ़वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में रंग भर दिया।

यह भी पढ़ें -   कोटद्वार से युवती के साथ घूमने आए युवक की नैनीताल के होटल में संदिग्ध मौत, जांच जारी

उद्घाटन मैच में ऋषिकेश एफसी और 90 मिनट क्लब दिल्ली के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। 45वें मिनट में दीपांशु बिष्ट के शानदार गोल ने ऋषिकेश एफसी को बढ़त दिलाई। दिल्ली की टीम ने बराबरी के कई प्रयास किए, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति के चलते ऋषिकेश एफसी ने 1-0 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

दूसरे मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि दर्शन भंडारी और प्रधानाचार्य गिरिराज सिंह रावत ने किया। सिद्धबली यूनाइटेड और श्रीनगर के बीच खेला गया यह मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। दूसरे हाफ के 51वें मिनट में श्रीनगर के दीपक ने गोल कर बढ़त बनाई, लेकिन 65वें मिनट में सिद्धबली यूनाइटेड के अलंकृत नेगी ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। अंत तक मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

यह भी पढ़ें -   मॉल के बाहर दिनदहाड़े गैंगस्टर मर्डरः पेमेंट की एक क्लिक से खुला राज, जमशेदपुर से आरोपी दबोचा

टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच खालसा पंजाब और 90 मिनट क्लब दिल्ली के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला वेलोसिटी चंडीगढ़ और श्रीनगर के बीच खेला जाएगा। विशेष आकर्षण विदेशी खिलाड़ियों से सजी वेलोसिटी चंडीगढ़ टीम का प्रदर्शन रहेगा।

मैचों में रेफरी की भूमिका प्रकाश, शिवा, ऋतिक, सुजल जोशी और इंदर सिंह ने निभाई। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष अतुल भट्ट, अनुज भट्ट, तरुण गौड़, हरीश वर्मा, गोपाल जसोला, वीरेंद्र सिंह रावत, अनीता बिष्ट, लक्ष्मी रावत, रिंकी डबराल, अनूप मिश्रा, सिद्धार्थ रावत, मीडिया प्रभारी शिवम नेगी सहित हजारों खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440