समाचार सच, हल्द्वानी। शहर में सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए राजपुरा क्षेत्र में नजूल भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। निरीक्षण के दौरान मिली शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निगम टीम ने करीब 2100 वर्गफुट जमीन को दोबारा अतिक्रमण मुक्त करा लिया।
जानकारी के अनुसार, नगर आयुक्त परितोष वर्मा राजपुरा स्थित अस्थायी गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पास की नजूल भूमि पर कब्जे की नीयत से दीवार खड़ी कर गेट लगाने की सूचना दी। बताया गया कि यह वही भूमि है जिसे करीब ढाई वर्ष पहले निगम ने अतिक्रमण से मुक्त कराया था, लेकिन हाल में फिर से निर्माण शुरू कर दिया गया था।
सूचना मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक विरोध के बावजूद अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध दीवार और गेट को ध्वस्त कर भूमि को पुनः मुक्त करा दिया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में चिन्हित नजूल भूमि पर नियमित निगरानी रखी जाए और दोबारा कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति पर अतिक्रमण शहर के नियोजित विकास में बाधा है, जिसे हर हाल में रोका जाएगा।
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम के साथ सहायक लेखाधिकारी गणेश भट्ट और सफाई निरीक्षक अमोल असवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



