समाचार सच, हल्द्वानी। यहां एक प्रापर्टी डीलर एक ही प्लाट का दो बार सौदा कर दिल्ली के एक दंपत्ति को लाखों रूपए का चूना लगाया। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर जालसाजों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तहरीर के अनुसार पीड़िता ममता पत्नी पवन ध्यानी निवासी मकान नंबर 513 सैक्टर 2 पाकेट रोहिणी नई दिल्ली में रहती है और वह हल्द्वानी में आवासीय भूखंड खरीदना चाहते थे। जिसको लेकर दिसंबर माह में उनकी मुलाकात आनंद डसीला निवासी कौशल कालोनी जगदंबा नगर व कुबेर कार्की पुत्र बहादुर सिंह कार्की निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा से हुई। जो प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। इन दोनों ने उन्हें गैस गोदाम रोड कुसुमखेडा हल्द्वानी मे 1401 वर्ग फीट का प्लाट दिखाया। प्रापर्टी डीलर कुबेर ने बताया कि यह प्लाट उसकी पत्नी दीपा के नाम रजिस्टर्ड है। पसंद आने पर उक्त प्लाट का सौदा 29 लाख 98 हजार रूपए में तय हो गया। पीड़िता का कहना है कि आनंद और कुबेर को बयाने के तौर पर 20 हजार रूपए दिए गए। बयाना देने के बाद दोनों ने उनसे 6 लाख रूपए देने के बाद ही प्लाट बिक्री का एग्रीमेंट करने की बात कही। जिसके बाद दंपत्ति ने प्रापर्टी डीलरों को अलग-अलग किस्तों में छह लाख रूपए दे दिए। जब वह जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेन्ट करने तहसील पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी। वह प्लाट कुबेर सिंह की पत्नी दीपा देवी 2016 में ही बेच चुकी थी। धोखाधड़ी का अहसास होने पर दंपत्ति ने उन पर रकम वापसी का दबाव बनाया तो पहले वह टाला मटोली करने लगे। लेकिन कुछ समय बाद धीरे-धीरे उन्होंने आधी रकम वापस लौटाई और शेष 3 लाख रूपए की रकम वापस करने से साफ मुकर गये। दंपत्ति ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440










