
समाचार सच, हल्द्वानी। यहां रामपुर रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखण्ड द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत संभाग वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कुमाऊँ संभाग के आठ संगठनात्मक जिलों से लगभग 200 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट ने दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदेमातरम् गान के साथ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में भाजपा व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है, जिसके तहत सात चरणों में विभिन्न समूहों, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पार्टी की विचारधारा और कार्यपद्धति पर प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन में निरंतर जुड़ रहे नए कार्यकर्ताओं में अनुशासन, आचरण और समयबद्धता विकसित करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण अभियान अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के 19 संगठनात्मक जिलों के 304 मंडलों में मंडल प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं के लिए जिला वक्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण हल्द्वानी में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में वैचारिक अधिष्ठान, भाजपा का इतिहास एवं विकास, कार्यविस्तार, कार्यपद्धति, सरकार की उपलब्धियां, सोशल मीडिया, एआई, नमो एवं सरल ऐप, बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ जैसे विषय शामिल रहे।
प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सह-संयोजक प्रदीप बिष्ट और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया, जबकि समापन प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने राष्ट्रीय गान के साथ कराया।
कार्यशाला में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बंशीधर भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक शिव अरोड़ा, विधायक फकीर राम टम्टा, विधायक सुरेश गडिया, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक श्रीमती पार्वती दास, विधायक महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, मेयर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेशउपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा, कौस्तुभानंद जोशी, विकास भगत, प्रदीप जनौटी, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



