समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए पांच नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया है। शुक्रवार सुबह लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नव नियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस विस्तार के साथ ही अब धामी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 12 हो गई है। कैबिनेट में शामिल किए गए विधायकों में मदन कौशिक, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा और खजान दास को मंत्री बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि साल 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले यह विस्तार काफी अहम माना जा रहा है। सरकार ने इस कदम के जरिए क्षेत्रीय, जातीय, महिला और युवा संतुलन साधने का प्रयास किया है।
गौरतलब है कि 2022 में सरकार गठन के बाद से ही मंत्रिमंडल में कई पद खाली थे। 2023 में परिवहन मंत्री के निधन और 2025 में एक अन्य मंत्री के इस्तीफे के बाद खाली पदों की संख्या बढ़ गई थी। ऐसे में सरकार के चार साल पूरे होने से ठीक पहले यह विस्तार किया गया है।
इन विधायकों को मिला कैबिनेट में स्थान:
-रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी
-रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा
-हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक
-राजपुर से विधायक खजान दास
-भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



