
समाचार सच, देहरादून/मसूरी। भारतीय राजनीति की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना 46वां स्थापना दिवस पूरे देश में उत्साह और गर्व के साथ मनाया। राजधानी देहरादून से लेकर पर्यटन नगरी मसूरी तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाइयों से एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।


देहरादून में सीएम धामी और वरिष्ठ नेताओं ने किया स्थापना दिवस का आयोजन
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में जनसंघ काल से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि “भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, यह एक विचारधारा और राष्ट्र सेवा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी आज जन-जन की आवाज बन चुकी है।”
मसूरी में दिखा जोश और गर्व
मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पिक्चर पैलेस चौक पर एकत्र होकर पार्टी का स्थापना दिवस बड़े ही जोश और उल्लास के साथ मनाया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, नारों की गूंज और मिठाइयों की मिठास के बीच स्थानीय नेताओं ने पार्टी की यात्रा और उपलब्धियों को याद किया।
मंडल अध्यक्ष राकेश रावत, विधायक प्रतिनिधि मोहन पेटवाल और पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि “1980 में दो सीटों से शुरू हुआ यह सफर आज 303 सीटों तक पहुंच चुका है। यह भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी प्रेरणादायक कहानी है।”
पार्टी का संघर्ष और सफलता
स्थानीय नेताओं ने बताया कि भाजपा की शुरुआत संघर्षों से हुई थी। 1984 में केवल दो सीटों पर सिमटी पार्टी ने राम मंदिर आंदोलन के बाद देश में एक नई राजनीतिक लहर पैदा की। 1999 से लेकर 2004 तक केंद्र में मजबूत उपस्थिति रही, और 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पार्टी ने विकास, राष्ट्रवाद और आत्मनिर्भरता को नई दिशा दी।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की ओर बढ़ती भाजपा
कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा आज राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति, और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रही है। पार्टी का हर कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है और यही भाजपा की असली ताकत है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440