समाचार सच, रुद्रपुर। उत्तराखंड में लोगों की पहचान और भविष्य से खिलवाड़ करने वाले फर्जी दस्तावेज़ों के गोरखधंधे का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। उत्तराखंड पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में चल रहे एक कथित जनसेवा सेंटर पर छापा मारकर नकली आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षणिक प्रमाणपत्र बनाने के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज़ और उपकरण बरामद किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनसेवा सेंटर की आड़ में गैर-कानूनी तरीके से पहचान और शैक्षणिक दस्तावेज़ तैयार किए जा रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मछली मार्केट रोड स्थित इस सेंटर में बड़े पैमाने पर फर्जी दस्तावेज़ बनाए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने छापा मारकर पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चेतन कुमार (21) पुत्र राजपाल निवासी रामपुर के रूप में हुई है, जो फिलहाल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह PIXELLAB एप का इस्तेमाल कर ग्राहकों के फोटो, नाम और पते एडिट कर नकली आधार, पैन और मार्कशीट तैयार करता था। इन फर्जी दस्तावेज़ों का इस्तेमाल सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी पाने के लिए किया जाता था।
तलाशी के दौरान पुलिस को 40 नकली आधार कार्ड, 53 फर्जी पैन कार्ड, कई नकली मार्कशीट की डिजिटल कॉपियां, प्रिंटर, कंप्यूटर सेट, बायोमेट्रिक स्कैनर और अन्य उपकरण बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ ट्रांजिट कैंप थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में फर्जी दस्तावेज़ न बनवाएं और न ही उनका इस्तेमाल करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



