समाचार सच, नैनीताल/ओखलकांडा। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित पहाड़ी क्षेत्रों के लिए आखिरकार राहत की किरण दिखाई दी है। ओखलकांडा ब्लॉक के दुर्गम गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ढोलीगाँव से डानशीली होते हुए गडूडा तक बनने वाले मोटर मार्ग का भव्य शिलान्यास किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना पर लगभग 4 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत आएगी।
वर्षों से मल्ली डनशिली, तल्ली डनशिली, गड़युड़ा, जान और सिमलकन्या समेत कई गांवों के ग्रामीण सड़क की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे थे। सड़क न होने के कारण लोगों को रोजमर्रा का सामान ढोने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए घोड़ों या कंधों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा और स्वयं पहल करते हुए इस योजना के लिए धनराशि स्वीकृत कराई। स्वीकृति मिलने के बाद आज विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
मंत्री कैड़ा ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क बनने के बाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र ओखलकांडा पहुंचने पर ढोलीगाँव, पजेना, तल्ला कांडा, मल्ला कांडा, कुलोंन, दिगोली, धैना, पडायल, कुकना, बजवालगांव और कैड़ागांव सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के समग्र विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री कैड़ा ने क्षेत्रीय जनता के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया, वहीं ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण की सौगात के लिए उनका धन्यवाद किया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



