समाचार सच, नैनीताल। सबका साथ-सबका विकास का नारा देने वाली भाजपा में इन दिनों नैनीताल जिले को लेकर अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, किसान मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा लगभग सभी जिलों के अध्यक्ष तय किए जा चुके हैं, लेकिन नैनीताल जिले में अध्यक्ष पद चयन को लेकर स्थिति उलझी हुई है। वजह है-कालाढूंगी विधानसभा के दो प्रभावशाली भाजपा नेताओं के बीच अपने-अपने समर्थक को जिला अध्यक्ष बनाए जाने की खींचतान।
किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद को लेकर एक ओर भाजपा के विधायक और दूसरी ओर एक प्रदेश पदाधिकारी के बीच रस्साकशी जारी है। इस टकराव ने पार्टी की गुटबाजी को खुलकर उजागर कर दिया है, जिससे संगठन की छवि प्रभावित हो रही है। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को तीन माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन गुटबाजी के कारण अभी तक जिला अध्यक्षों की सूची जारी नहीं हो सकी है। यही कारण है कि भाजपा के अन्य मोर्चों की घोषणाएँ भी फिलहाल रुकी हुई हैं।
जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट का कहना है कि वे किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद के लिए अपना पैनल पहले ही प्रदेश संगठन को भेज चुके हैं। अब निर्णय शीर्ष नेतृत्व को करना है।
उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो लोग हाल ही में पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, उन्हें तुरंत संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी ने भी कहा है कि मोर्चा का नेतृत्व संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही सौंपा जाएगा, और किसी भी प्रकार की गुटबाजी को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी।
किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में संदीप कुकसाल – वर्तमान जिला अध्यक्ष और भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व जिला संयोजक रह चुके हैं। जबकि गणेश लाल साह -वर्तमान में लामाचौड़ मंडल के मंडल मंत्री, और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के करीबी माने जाते हैं। धीरज पांडे – कुसुमखेड़ा से दूसरी बार के पार्षद, पूर्व मंडल अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट के खास माने जाते हैं

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


