समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा हल्द्वानी शहर में सीवर और पेयजल कार्यों के नाम पर खोदी गई सड़कों को समय पर दुरुस्त न किए जाने पर आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि तय समयसीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर खुदाई का कार्य किया जा रहा है, उन्हें तत्काल रिस्टोर किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। कई स्थानों पर कार्यस्थल पर चेतावनी बोर्ड और साइनेज न लगे होने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई।
आयुक्त दीपक रावत ने निर्देश दिए कि भविष्य में जहां भी खुदाई या निर्माण कार्य होगा, वहां स्पष्ट बोर्ड लगाया जाए, जिसमें कार्य प्रारंभ होने की तिथि, पूर्ण होने की समयसीमा और संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर अंकित होना अनिवार्य होगा, ताकि लोगों को परेशानी होने पर सीधे संपर्क किया जा सके।
उन्होंने ठेकेदारों की लापरवाही को गंभीर बताते हुए एडीबी प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों ने कार्य में कोताही बरती है, उनके खिलाफ नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाए। आयुक्त ने यह भी कहा कि बार-बार चेतावनी के बावजूद सुधार नहीं हुआ तो आगे होने वाली सभी बैठकों को कार्यालय के बजाय सीधे कार्यस्थल पर ही किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उनके क्षेत्रों में सड़कें करीब छह महीने से खोदी हुई हैं, लेकिन कार्य लगभग ठप पड़ा है। इस पर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को अमरावती मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे लगाए जा रहे ठेलों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर ठेले लगने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्यस्थल पर कोई भी मजदूर मौजूद नहीं मिला, जिस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। वर्तमान में हल्द्वानी शहर में सीवरेज, पेयजल और सड़क निर्माण का कार्य यूयूएसडीए द्वारा तिरुपति एजेंसी को सौंपा गया है, जिसने आगे 22 अन्य ठेकेदारों को कार्य दिया हुआ है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की, शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, ब्रिडकुल के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, एसपी सिटी मनोज कत्याल, पार्षद चंदन मेहता, विनोद दानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



