आँचल दुग्ध संघ में लहराया तिरंगा, कर्मचारियों को मिली खुशखबरी
समाचार सच, लालकुआँ। यहां नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में 77वाँ गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। संघ के प्रशासनिक परिसर में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह आगे बढ़ा।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान दिए जाने की घोषणा को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड की पहचान, आत्मसम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करता है।
अपने संबोधन में मुकेश बोरा ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय संविधान, लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों का प्रतीक है। वहीं भगत सिंह कोश्यारी का सार्वजनिक जीवन सादगी, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा की मिसाल रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस राष्ट्रीय पर्व को आँचल दुग्ध संघ से जुड़ी 692 दुग्ध समितियों और 5 शीतलीकरण केंद्रों में भी समान उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया, जिससे संघ की एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी झलकी।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय की भी घोषणा की गई। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि दुग्ध संघ के कामगारों को 1 जनवरी से ₹1500 की प्रोत्साहन वेतन वृद्धि देने का निर्णय लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में खासा उत्साह देखा गया।
सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाकर ही देश निरंतर प्रगति कर सकता है।
वहीं प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने कहा कि संविधान ने देश को एक दिशा और मजबूती दी है, और गणतंत्र दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यक्रम का संचालन भी किया।
समारोह के अंत में संघ प्रबंधन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में दुग्ध संघ के पदाधिकारी, संचालक मंडल सदस्य और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



