समाचार सच, हरिद्वार डेस्क। धर्मनगरी हरिद्वार में बैसाखी पर्व का उत्सव पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार सुबह से ही हर की पौड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोग पवित्र गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
पर्व के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टर में विभाजित किया गया है। पुलिस बल के साथ पीएसी, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और जल पुलिस की तैनाती कर सुरक्षा को मजबूत बनाया गया है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस वर्ष बैसाखी का पर्व दो दिनों तक मनाया जाएगाकृ13 और 14 अप्रैल। इसी कारण मंगलवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन सूर्य मकर राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश करते हैं, जिससे ऋतु परिवर्तन के साथ नव सौर वर्ष की शुरुआत होती है। नारायणी शिला मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार बैसाखी के अवसर पर गंगा स्नान, सूर्य पूजन और दान-पुण्य करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। यही वजह है कि दूर-दराज़ से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
मंगलवार 14 अप्रैल को सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर सूर्य के मेष राशि में प्रवेश का विशेष संयोग बन रहा है। इस कारण इस दिन भी स्नान और दान का विशेष महत्व रहेगा। श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद अपने तीर्थ पुरोहितों और गुरुओं को फल व अन्य वस्तुएं दान कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं।
घाटों पर सुबह से ही “हर-हर गंगे” के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है। उत्तर भारत सहित कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु गंगा में स्नान कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना कर रहे हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तीन दिन का विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है और वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान तय किए गए हैं। 14 अप्रैल को बैसाखी के साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती और अन्य आयोजनों के चलते अतिरिक्त भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। पार्क करने की व्यवस्था बनाई गई है और शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया है.



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



