समाचार सच, देहरदून। कोरोना टीका लगाने के लिए प्रदेश के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में कार्यरत हेल्थ केयर वर्करों का डाटा तैयार कर केंद्र को भेजा जाएगा। सचिव स्वास्थ्य अमित सिंह नेगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी, सीडीओ व सीएमओ को निर्देश दिए कि केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार सरकारी व निजी अस्पतालों में कार्यरत हेल्थ केयर वर्करों का डाटा बेस तैयार किया जाए। सचिव स्वास्थ्य ने कहा कि डाटा तैयार करने के लिए जिला व ब्लाक स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया गया है। टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को हेल्थ वर्करों का डाटा बेस तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि डाटा तैयार करने में गैर सरकारी इकाईयों का सहयोग लिया जाए। बैठक में डाटा बेस से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी के लिए एनएचएम में तैनात डॉ. कुलदीप सिंह मार्तोलिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव ने कहा कि केंद्र के दिशानिर्देश के अनुसार कोरोना का टीका सबसे पहले स्वास्थ्य सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को लगाया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा तैयार करने के लिए एनएचएम मिशन निदेशक सोनिका को राज्य नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जबकि राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे।
प्रदेश के सरकारी व निजी अस्पतालों में फ्रंट लाइन हेल्थ वर्कर, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या एक लाख से अधिक है। सबसे पहले इन्हें कोरोना टीका लगाया जाएगा।
बैठक में प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, एनएचएम मिशन निदेशक सोनिका, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अमिता उप्रेती, एनएचम के अपर मिशन निदेशक डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह मार्तोलिया आदि मौजूद थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












