रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में संत निरंकारी भवन के पास मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच, पहचान में जुटी टीम
समाचार सच, हरिद्वार। हरिद्वार शहर के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब संत निरंकारी भवन के पास एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शनिवार सुबह राहगीरों की नजर नाले के किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नाले से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार सुबह संत निरंकारी भवन के पास लोगों ने नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



