देहरादून में उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सोमवार, 5 जनवरी को साल 2025 में की गई अपनी बड़ी कार्रवाइयों का खुलासा किया। STF के आईजी नीलेश आनंद भरणे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बीते साल STF ने संगठित अपराध, ड्रग तस्करी, साइबर क्राइम और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ आक्रामक अभियान चलाया।
STF IG नीलेश आनंद भरणे के अनुसार, वर्ष 2025 में STF ने कुल 18 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनमें कई लंबे समय से फरार आरोपी शामिल थे। इसके साथ ही 54 ड्रग्स तस्करों को दबोचकर करीब 22.86 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
25 साल से फरार इनामी अपराधी गिरफ्तार
STF ने अलग-अलग राज्यों से 18 इनामी और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें चमोली जिले के हत्या मामले में 25 वर्षों से फरार, दो लाख रुपये के इनामी आरोपी सुरेश शर्मा की गिरफ्तारी प्रमुख रही।
इसके अलावा विभिन्न अधिनियमों के तहत फरार 26 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया।
अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई
शस्त्र अधिनियम के तहत STF ने 20 पिस्टल, 2 तमंचे, 24 मैगजीन और 63 जिंदा कारतूस बरामद कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कुख्यात गैंगस्टर विनीत शर्मा उर्फ चीनू पंडित गैंग के दो शूटरों को भी हथियारों के साथ दबोचा गया।
जमीन माफिया और गैंग्स पर शिकंजा
रुड़की क्षेत्र में जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े वाल्मीकि गैंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। STF ने प्रदेश में सक्रिय 7 गैंगों पर लगातार निगरानी बनाए रखने की बात कही।
नकली दवाइयों का बड़ा भंडाफोड़
STF ने नकली दवाइयों के अवैध कारोबार में शामिल 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान भारी मात्रा में कच्चा माल, गोलियां और दवाइयाँ बरामद कर 6 अवैध फैक्ट्रियों को सीज किया गया।
साथ ही साईं फार्मा के बैंक खाते में लगभग 14 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जांच शुरू की गई।
वन्यजीव तस्करी पर भी कार्रवाई
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत STF ने भालू की पित्त, नाखून और हाथी दांत बरामद कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अन्य बड़ी सफलताएँ
-आर्मी वर्दी का दुरुपयोग करने वाला आरोपी फर्जी आईडी सहित गिरफ्तार
-₹3.70 करोड़ तनिष्क शोरूम लूट कांड का फरार आरोपी पकड़ा गया
-परीक्षा पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
-देहरादून में 22 हजार से अधिक नकली सिगरेट बरामद
-रिजॉर्ट में जुआ और कसीनो गतिविधियों पर छापेमारी
-5 बांग्लादेशी नागरिक डिपोर्ट
-अंतरराष्ट्रीय हथियार सप्लाई से जुड़े आरोपी की गिरफ्तारी
-9 साइबर अपराधी गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
ड्रग्स के खिलाफ सख्त अभियान
-NDPS एक्ट के तहत 34 मामलों में 54 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
-बरामद नशीले पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 22 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक है।
-PIT-NDPS के तहत 28 मामलों को शासन को भेजा गया, जिनमें से दो पर कार्रवाई के आदेश जारी हो चुके हैं।
आगे और सख्त होगी STF की रणनीति
STF IG नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि आने वाले समय में बॉर्डर ट्रैफिकिंग, फेक करेंसी और फर्जी दस्तावेज गैंग्स पर सीधा फोकस रहेगा।
आधार, आयुष्मान और जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेजों पर कार्रवाई की तैयारी है।
MDMA के हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं और स्टूडेंट व टूरिस्ट एरिया सर्विलांस में रहेंगे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



