
समाचार सच, हल्द्वानी। महिला की मौत से गुस्साये परिवारजनों ने निजी अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित भीड़ को शांत किया। इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार गौजाजाली उत्तर हिमालया स्कूल के पास रहने वाली 26 वर्षीय आसमा पत्नी राशिद को बीती 2 मई को रामपुर रोड स्थित निजी अस्पताल भर्ती कराया गया था। जहां आज उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना जब अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को दी तो वह गुस्से में आ गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। इस बीच मृतका के पति ने अपने साथियों के साथ अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसकी सूचना पर एसएसपी प्रीति प्रियर्दिशनी, एसपीसिटी डॉ जगदीश चन्द्र, सीओ शांतनु पारासर, कोतवाल मनोज रतूड़ी अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इस बीच अस्पताल में तोड़फोड़ करने वाले भागने का प्रयास करने लगे। जिनमें से एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसएसपी ने अस्पताल प्रबंधन से वार्ता की।
अस्पताल के एमडी डॉ गौरव सिंघल ने एसएसपी को बताया कि महिला का पीलिया बिगड़ चुका था। चिकित्सकों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। उनका कहना था कि मरीज की हालत बिगड़ने की सूचना पूर्व में भी परिजनों को दी जा चुकी थी। लेकिन मरीज की मौत के बाद उनके साथ भी मारपीट का प्रयास किया गया। तीमारदार दरवाजे का लॉक तोड़कर केबिन में घुसे। अस्पताल स्टाफ ने किसी तरह उन्हें रोका। इधर एसएसपी का कहना है कि अस्पताल में तोड़फोड़ करने वालों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ करने वालों को चिन्हित कर रही है। उनका कहना है कि इस मामले में कार्यवाही के लिए अस्पताल प्रबंधन की तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440














