महिला दिवस पखवाड़े के तहत कार्यक्रम, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ बोलीं – “नारी शक्ति ही समाज की असली ताकत”
समाचार सच, हल्द्वानी। महिला दिवस पखवाड़े के तहत शुक्रवार (13 मार्च) को हल्द्वानी में दिव्य ज्योति महिला एवं बाल विकास संस्था द्वारा एक दिवसीय विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों और समाज में उनके योगदान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी श्रीमती मंजू गौड़ ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ही समाज की असली ताकत है। माँ, बहन और बेटी के रूप में महिलाएं अपने साहस, मेहनत और संघर्ष से समाज और देश को नई दिशा दे रही हैं।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि तेजस्विनी जन सेवा समिति की अध्यक्ष कृति तिवारी ने कहा कि हर वर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है और इसके साथ 15 दिनों तक महिला पखवाड़ा आयोजित किया जाता है। यह समय महिलाओं की उपलब्धियों, उनके अधिकारों और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि आज भी कई स्थानों पर महिलाओं को समान अधिकार और अवसर दिलाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, इसलिए महिलाओं को संगठित कर उन्हें स्वावलंबी बनाना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष दिव्या कोटियाल ने मुख्य अतिथि मंजू गौड़ और विशिष्ट अतिथि कृति तिवारी को शॉल ओढ़ाकर और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि पुरन गौड़, संस्था की सचिव हेमा डंगवाल, कोषाध्यक्ष रिचा सोराडी, रेनू डंगवाल, दीपा उप्रेती, नेहा निरुपमा जोशी, प्रभा बिष्ट, प्रिया वर्मा, उषा पाठक, ललिता मेहता, सरिता भक्तता, कविता त्रिकोटी, निर्मला अग्रहरी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। वहीं दिव्या जन सेवा केंद्र के संचालक राजेंद्र नाथ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



