सांस्कृतिक विविधता का शिक्षा पर प्रभाव विषय पर हुआ विशेष आयोजन

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। इंस्पिरेशन कॉलेज ऑफ टीचर्स एजुकेशन में बी.एड. प्रशिक्षणार्थियों द्वारा “शैक्षिक प्रक्रिया पर प्रभाव डालने वाली विभिन्न सांस्कृतिक प्रथाएँ” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं, रीति-रिवाजों, खान-पान, रहन-सहन, भाषा और पहनावे के साथ-साथ उनके शिक्षा पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विचार-विमर्श सत्र से हुआ, जिसमें वक्ताओं ने समाज की संस्कृति, भाषा और परंपराओं के शिक्षा पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की संस्कृति, मूल्यों और परंपराओं से गहराई से जुड़ी होती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की। सांस्कृतिक नृत्य, संगीत और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। उत्तराखंड, राजस्थान, दक्षिण भारत, बंगाल, गुजरात और पंजाब की पारंपरिक वेशभूषा, व्यंजन, विवाह परंपराएँ और त्योहारों को भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे कार्यक्रम ज्ञानवर्धक और रोचक बन गया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा धानिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में सांस्कृतिक विविधता शिक्षा को और अधिक समृद्ध बनाती है। इससे विद्यार्थियों को विभिन्न संस्कृतियों को समझने और उनका सम्मान करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. गायत्री मठपाल, डॉ. रूपा पालीवाल, डॉ. प्रमिला नगीला, श्रीमती दीप्ति बरोला, श्रीमती दीपिका धानिक, श्रीमती मोहना बिष्ट तथा गणेश सिंह शामिल थे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



