समाचार सच, हल्द्वानी। कहते हैं कुछ लोग दुनिया छोड़ने के बाद भी अपने कामों से जिंदा रहते हैं… हल्द्वानी में ऐसा ही एक भावुक नजारा देखने को मिला, जब स्वर्गीय बबीता बिष्ट की याद में उनके परिवार ने बच्चों के बीच ऐसी खुशियां बांटीं कि हर किसी की आंखें नम हो गईं।
स्व. बबीता बिष्ट के जन्मदिन को उनके पति जीवन सिंह बिष्ट और बेटी दीपिका बिष्ट ने एक खास अंदाज में मनाया। बीपीएल शिक्षा प्रयास समिति के बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने केक काटा, बच्चों के साथ हंसी-खुशी पल बिताए और उन्हें कॉपी-पेंसिल बांटकर उनके भविष्य को संवारने की छोटी लेकिन बड़ी पहल की।
जहां एक ओर परिवार के लिए यह दिन भावुक था, वहीं उन्होंने अपने दुख को ताकत बनाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम किया। हर बच्चे की आंखों में चमक और चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी, मानो बबीता बिष्ट खुद वहीं मौजूद हों।
जीवन सिंह बिष्ट ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी पत्नी हमेशा बच्चों की शिक्षा और खुशियों के लिए समर्पित रहती थीं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों के लिए कुछ करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
दीपिका बिष्ट ने कहा कि उनकी मां का सपना था कि हर बच्चा पढ़े और आगे बढ़े, और वह इस सपने को आगे भी ऐसे ही सेवा कार्यों के जरिए जिंदा रखेंगी।
समिति की अध्यक्षा पार्वती किरौला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में बड़ा बदलाव लाते हैं और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में नई उम्मीद जगाते हैं।
इस मौके पर जीएस किरौला, मीनाक्षी साह, पुष्पा जोशी, आशीष मौर्या, नीरू भल्ला समेत कई लोग मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



