
समाचार सच, नैनीताल। शुक्रवार के दिन नैनीताल से भवाली जाने वाले मार्ग पर भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी दरकने से सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा खाई में तब्दील हो गया है। जिस कारण इस मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। फिलहाल इस घटना से किसी भी प्रकार का जान माल का नुकसान नहीं हुआ। अब पर्यटकों व दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को अब ज्योलिकोट के रास्ते नैनीताल आना पड़ेगा। सूचना के बाद जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल, एसएसपी पंकज भट्ट समेत लोनिवि अभियंता मौके पर पहुंच गए हैं। डीएम ने लोनिवि को तत्काल सड़क को रिस्टोर करने व ध्वस्त क्षेत्र के दोनों तरफ बैरिकेडिंग निर्देश दिये हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को नैनीताल में सुबह से लगातार बरसात होने से करीब दिन में 1 बजे नैनीताल से भवाली मार्ग स्थित कैंट के व्यू प्वॉइंट के पास भारी भूस्खलन होने लगा। देखते-देखते पहाड़ी दरकने लगी और विशालकाय बोल्डर मलबे में तब्दील हो गया। इस हादसे में करीब सड़क का 30 मीटर हिस्सा खाई में तब्दील हो गया है। जिससे दोनों तरफ से आवागमन ठप हो गया है। तल्लीताल थाना पुलिस भी तैनात कर दी गई है। सूचना पर पहुंचे डीएम धीराज गर्ब्याल ने मौके का निरीक्षण किया और लोनिवि को तत्काल सड़क रिस्टोर करने, ध्वस्त क्षेत्र की दोनों तरफ बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही विद्युत विभाग को तत्काल शहर की विद्युत व्यवस्था वैकल्पिक रूप से संचालित करने के निर्देश दिये।
इधर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने बताया कि नैनीताल-भवाली मार्ग पूर्ण रूप से बंद किया गया है। नैनीताल से भवाली या इसके विपरित यात्रा करने वाले सभी वाहनों का आवागमन ज्योलिकोट नंबर-1 बैंड से रहेगा। जनता से अपील है कि यदि आप नैनीताल-भवाली मार्ग से यात्रा करने जा रहे हैं तो सुरक्षा के दृष्टिगत कृपया ज्योलिकोट मार्ग से ही आवागमन करें।
इस अवसर पर अपरजिलाधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, अधिशासी अभियंता लोनिवि, विद्युत, तहसीलदार नवाजिश खलिक, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शैलेश कुमार,सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



