समाचार सच, देहरादून। पूरे देश में रंगों के त्योहार होली का उत्साह देखने को मिल रहा है। जगह-जगह विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जहां लोग उमंग और उल्लास के साथ होली मना रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में भी होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और कई अन्य गणमान्य नेता व अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी कुमाऊंनी लोकगीतों पर नृत्य करते नजर आए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड भी इस मिशन में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने आह्वान किया कि सभी प्रदेशवासी एकजुट होकर इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का संकल्प लें, जिससे राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के अनुसार हर समुदाय अपने-अपने तरीके से होली मना रहा है। इसी उत्सव के तहत मुख्यमंत्री आवास में भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया गया।
खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने इसे एक गंभीर अपराध बताया और कहा कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति में इस पर्व का विशेष महत्व है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और उल्लास के साथ यह त्योहार मनाएं, क्योंकि होली असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440