राज्य स्थापना की रजत जयंती पर धामी का बड़ा ऐलान- वीर नारियों का सम्मान, सैनिकों के लिए बढ़ाई गई सहायता राशि

समाचार सच, हल्द्वानी। राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आज हल्द्वानी देशभक्ति के रंग में रंगा दिखा। एम.बी.पी.जी. कॉलेज प्रांगण में आयोजित भव्य पूर्व सैनिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर से आए वीर सैनिकों, वीर नारियों और वीरांगनाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान “जय हिन्द” और “उत्तराखंड मातृभूमि की जय” के नारों से सभागार गूंज उठा।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि सैनिक कभी ‘पूर्व सैनिक’ नहीं होता, वह हमेशा देश की सेवा में तत्पर रहता है। उत्तराखंड की माटी वीरता, त्याग और समर्पण की प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड हर घर सैनिकों का प्रदेश है, जहाँ हर परिवार का कोई न कोई सदस्य भारत माता की सेवा में समर्पित है। उन्होंने पूर्व सैनिकों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और राज्य निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।
सैनिकों के सम्मान में धामी सरकार के बड़े कदम-
-शहीद सैनिकों की नारियों को आवासीय भवन निर्माण हेतु सहायता राशि 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख।
-शहीद सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख।
-हल्द्वानी, अल्मोड़ा और पौड़ी में जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों और भवनों का पुनर्निर्माण।
-हल्द्वानी में 150 सैनिक बच्चों के लिए आधुनिक छात्रावास का निर्माण।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक कल्याण विभाग को पुनर्गठित और सुदृढ़ किया जाएगा ताकि हर सैनिक परिवार तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वीर नारियों का सम्मान पूरे राज्य के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश का “पंचम धाम दृ सैन्य धाम” शीघ्र लोकार्पित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब तक 22 हजार से अधिक सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है और वीरता पदक विजेताओं को निशुल्क बस यात्रा सुविधा दी गई है।
देशभक्ति से सराबोर रहा समारोह
कार्यक्रम में जनपद नैनीताल की 31 और ऊधमसिंहनगर की 13 वीर नारियों को मुख्यमंत्री धामी ने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मंच पर राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, डॉ. मोहन बिष्ट, मेयर गजराज बिष्ट, सैनिक संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं उपस्थित रहीं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440

