लक्सर फायरिंग कांड: घायल अपराधी विनय त्यागी की इलाज के दौरान मौत, एम्स ऋषिकेश में तोड़ा दम

खबर शेयर करें

समाचार सच, ऋषिकेश। उत्तराखंड के बहुचर्चित लक्सर फायरिंग मामले में घायल कुख्यात अपराधी विनय त्यागी की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। विनय त्यागी को गंभीर हालत में 24 दिसंबर की रात एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था, जहां वह ट्रॉमा आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर था। घटना के चौथे दिन सुबह करीब 7 बजे एम्स प्रशासन ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एम्स ऋषिकेश के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलाय मोहंती ने विनय त्यागी की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि गोली लगने से विनय की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

एम्स प्रशासन के अनुसार, विनय त्यागी को सीने, हाथ और गले में गोलियां लगी थीं, जिससे उसके महत्वपूर्ण अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। मौत की सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम एम्स ऋषिकेश में ही कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें -   मॉल के बाहर दिनदहाड़े गैंगस्टर मर्डरः पेमेंट की एक क्लिक से खुला राज, जमशेदपुर से आरोपी दबोचा

गौरतलब है कि 24 दिसंबर को हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में फ्लाईओवर के पास उस समय सनसनी फैल गई थी, जब रुड़की जेल से लक्सर न्यायालय में पेशी के लिए ले जाए जा रहे विनय त्यागी पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। अचानक हुए हमले में विनय गंभीर रूप से घायल हो गया था, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

घटना के बाद हमलावरों के भागते हुए वीडियो भी सामने आए थे, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे जिले में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

यह भी पढ़ें -   एक कप ब्लैक कॉफी सेहत से जुड़ी कई समस्याओं से छुटकारा दिलाने में कारगर साबित होती है

पुलिस को 25 दिसंबर को बड़ी सफलता हाथ लगी, जब खानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के जंगलों से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा (28) और अजय पुत्र कुंवर सैन (24), निवासी काशीपुर, उधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद के कारण विनय त्यागी और सन्नी यादव के बीच दुश्मनी थी। आरोप है कि विनय लगातार सन्नी को जान से मारने की धमकियां दे रहा था, जिससे परेशान होकर सन्नी ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440