
समाचार सच, हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के कुमाऊँ संभाग कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में महेन्द्र भट्ट (प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद) की उपस्थिति में ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों के विभिन्न जनप्रतिनिधियों व अन्य दलों के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने पटका पहनाकर सभी नए सदस्यों का स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री भट्ट ने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि परिवार की तरह कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्षों और राज्य में पुष्कर सिंह धामी सरकार के 4 वर्षों के कार्यकाल को जनकल्याणकारी निर्णयों और विकास कार्यों के लिए उल्लेखनीय बताया। उनके अनुसार विकास कार्य ही जनप्रतिनिधियों की सर्वाेच्च प्राथमिकता होते हैं, इसी कारण अन्य दलों के जनप्रतिनिधि लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने नए सदस्यों को आश्वस्त किया कि पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान के साथ संगठनात्मक दायित्वों में समायोजित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में विकास कार्यों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
ऊधम सिंह नगर से सदस्यता ग्रहण करने वालों में ब्लॉक प्रमुख रुद्रपुर श्रीमती रीना गौतम, ज्येष्ठ प्रमुख रुद्रपुर संजय सिंह, कनिष्ठ प्रमुख रुद्रपुर श्रीमती भारती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती रूचि पाल, जय नारायण तिवारी, अकील अहमद और आरकीन प्रमुख रहे। वहीं पिथौरागढ़ से ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग श्रीमती संगीता चन्याल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. भीम कुमार, राज्य आंदोलनकारी गोबिंद महर (गोपू), ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार और रविंद्र कुमार चन्तोला सहित अन्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा और मंडल अध्यक्ष हल्द्वानी मधुकर श्रोत्रिय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



