संकल्प सिद्धि समारोह में समाजसेवा, देहदान-नेत्रदान और महिला सशक्तिकरण का संदेश, दर्जनों महिलाओं और समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

समाचार सच, हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह की पूर्व संध्या पर अनमोल संकल्प सिद्धि फाउन्डेशन की ओर से नगर निगम सभागार में भव्य “संकल्प सिद्धि समारोह” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं, समाजसेवियों तथा देहदान और नेत्रदान का संकल्प लेने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान नारी सम्मान, सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश पूरे कार्यक्रम में प्रमुखता से दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक प्रभावशाली लघु नाटिका से हुई, जिसमें महिलाओं के सम्मान, आत्मसम्मान और समाज में उनकी भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटिका ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और महिलाओं के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
सम्मान समारोह में गीता बिष्ट, कमला नेगी, बचुली देवी, रिंकू नैनवाल, वंदना शर्मा, एकता बिष्ट, रश्मि लमगड़िया, मुक्ता जैन, रेखा पांडे, मोहिनी रावत, जानकी थापा और बेबी मेहर कौर को समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था की उपाध्यक्ष अरुणा टंडन ने देहदान और नेत्रदान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
संस्थाध्यक्ष सुचित्रा जायसवाल ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था द्वारा देहदान, नेत्रदान, रक्तदान, निर्धन कन्याओं के विवाह, चिकित्सा शिविर और दिव्यांगजनों को निशुल्क उपकरण वितरण जैसे अनेक सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी महिलाओं के उत्थान और समाजसेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगी।
कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त नवीन वर्मा और श्रीमती रेनू अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी देश की प्रगति और गौरव का आधार महिलाओं का सम्मान और उनकी स्थिति होती है। उन्होंने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रही है और समाज को नई दिशा दे रही है।
इस अवसर पर देहदान और नेत्रदान का संकल्प लेने वाले कई समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें बीना जोशी, डॉ. माधवानंद जोशी, देवेंद्र सिंह नयाल, उदिता नयाल, नीरू धवन, रीना सिंघल, माया लटवाल, दीपा पुनेरा, नीलम वर्मा, आनंद पांडे, राकेश चंद्र रयाल, शोभा जोशी, दिगंबर वर्मा, प्रो. बसंत जोशी, कमला डसीला, आनंद सिंह डसीला, विपिन चंद्र जोशी, सीमा जोशी, विनय जोशी, कृष्ण चंद्र खत्री, चंद्रा खत्री, इंदु वाधवा, प्रदीप फुटेला, सीमा फुटेला, कमला सुयाल, रुक्मणी नेगी, अनिता देवी, विशन गुप्ता, मालती जैन, पुष्पा जैन, अभिषेक वार्ष्णेय और नंदनी वार्ष्णेय शामिल रहे।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव सुमन पाठक, सुनीता जोशी, रेनू कांडपाल, मिथुन जायसवाल, बलजीत कौर, तरनजीत कौर, नीतू सनवाल, डिम्पल जोशी, मनोज जौहरी और मन्नू कपूर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रिम्पी बिष्ट और नेहा बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



