-हल्द्वानी में इसी वर्ष 2019 के अंत तक चुनाव होंगे सम्पन्न
-प्रमोद गोयल मुख्य चुनाव अधिकारी, एनसी तिवारी व राजेश अग्रवाल सहयोगी चुनाव अधिकारी मनोनीत
समाचार सच, हल्द्वानी। प्रदेश में सर्वमान्य व्यापारी संगठन प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के प्रदेश कार्यकारिणी के त्रिवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। शुक्रवार को यहां पत्रकार वार्ता में संगठन के प्रदेश महामंत्री नवीन चन्द्र वर्मा ने बताया कि हल्द्वानी में ही इसी वर्ष 2019 के अंत तक चुनाव सम्पन्न कराने की संस्तुति प्रदान की गई है। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष अनिल गोयल की संस्तृति पर प्रमोद गोयल को मुख्य चुनाव अधिकारी एवं एनसी तिवारी व राजेश अग्रवाल को उनके सहयोगी चुनाव अधिकारी के रूप में मनोनीत किया गया है।
श्री वर्मा ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी का कार्यकाल इसी वर्ष समाप्त हो रहा है जिसको ध्यान में रखते हुए संगठन के अध्यक्ष एवं महामंत्री ने मुख्य चुनाव अधिकारी से अनुरोध किया है कि वे चुनाव इसी वर्ष 2019 के अंत तक करा लें एवं चुनाव संचालन के लिए अपनी आर्हता प्रदेश महामंत्री से उपलब्ध कराए जिसके अनुसार उन्हें हर सम्भव सहयोग किया जाएगा एवं मतदाता सूची चुनाव अधिकारियों को शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।
संगठन के महामंत्री ने कहा कि हमारे संगठन की प्रदेश के प्रत्येक नगर व कस्बों में 367 इकाइयां हैं और संगठन को सुगम तरीके से चलाने के लिए 19 जिले बनाये गये हैं। प्रदेश इकाई के चुनावों में प्रत्येक नगर व जिला इकाई के अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा प्रदेश कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारीगण इस चुनाव में मतदाता होंगे। चुनाव अधिकारियों को चुनाव कार्यालय, उनके द्वारा मांगी गई स्टेशनरी व मतदान के दिन की व्यवस्था के लिए संगठन की ओर से श्री नवनीत राणा, श्री रूपेन्द्र नागर, श्री हर्षवर्द्धन पाण्डे, श्री राजकुमार भुड्डी, श्री अनिल अग्रवाल (खुलाशा) को नामित किया गया है।
प्रदेश महामंत्री ने नवनियुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी के बारे में कहा कि प्रदेश संगठन का विगत सन् 2016 में उनके नेतृत्व में कराया गया चुनाव बहुत ही पारदर्शिता एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न हुआ था एवं हमें पूर्ण आशा है कि हम अपने निर्विवाद छवि के पदाधिकारियों के माध्यम से प्रदेश संगठन के चुनाव कराने में सफल होंगे।
प्रदेश संरक्षक एवं संगठन के पुरोधा बाबूलाल गुप्ता ने मनोनीत मुख्य चुनाव अधिकारी को तथा अन्य चुनाव अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारी परम्परा रही है कि हम अपने संगठन के त्रिवार्षिक चुनाव बहुत ही पारदर्शिता से कराते हैं। प्रदेश की कार्यकारिणी से लेकर नगर इकाई तक हम लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव के माध्यम से पदाधिकारी बनाते हैं। इसलिए आज हमारा संगठन प्रदेश में सर्वमान्य व्यापारी संगठन है जिसकी प्रत्येक नगर व कस्बे में 367 इकाईयां कार्यरत है।
वार्ता में मुख्य चुनाव अधिकारी प्रमोद गोयल चुनाव अधिकारी, एन.सी. तिवारी, राजेश अग्रवाल, नवनीत राणा, रूपेन्द्र नागर, विपिन गुप्ता, हर्षवर्द्धन पाण्डे, कुसुम डिगारी व नंदकिशोर लाला जायसवाल सहित कई व्यापारी मौजूद थे।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440