चंपावत से शुरू होकर बद्रीनाथ तक जाएगी भव्य यात्रा, हल्द्वानी में 7 मई को निकलेगी विशाल शोभायात्रा
समाचार सच, हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड में आस्था और संस्कृति का एक और भव्य अध्याय लिखने की तैयारी शुरू हो चुकी है। अपनी धरोहर न्यास द्वारा आयोजित तृतीय गोल्ज्यू यात्रा 2026 इस बार और भी विशाल और ऐतिहासिक रूप लेने जा रही है।
संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष विजय भट्ट ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह यात्रा 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को चंपावत स्थित मुख्य मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगी। इसके बाद यात्रा हरिद्वार होते हुए गढ़वाल क्षेत्र में प्रवेश करेगी और पौड़ी, श्रीनगर, बद्रीनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से गुजरते हुए कुमाऊं मंडल में पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी और 2026 में इसका तीसरा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य पूरे उत्तराखंड को एक सूत्र में पिरोना और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है, जिसके लिए संस्था पिछले 6 वर्षों से लगातार प्रयासरत है।
यात्रा की खास बात यह है कि यह मैदानी, मध्य हिमालय और उच्च हिमालयकृतीनों क्षेत्रों को जोड़ते हुए निकलेगी, जिससे प्रदेश के हर कोने में आस्था की अलख जगेगी।
हल्द्वानी में इस यात्रा का विशेष आकर्षण 7 मई को देखने को मिलेगा, जब हल्द्वानी के रामलीला मैदान से गोल्ज्यू मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। यात्रा का समापन 9 मई को पुनः चंपावत में होगा।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी रवि दुर्गापाल, एन.बी. गुणवंत, आनंद सिंह भाकुनी, चंदन सिंह किरौला और रघुवीर सिंह कालाकोटी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



