समाचार सच, हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में खुशियों से भरा एक घर कुछ ही पलों में गहरे शोक में डूब गया। सड़क पार कर रहे एक ग्रामीण को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
यह दर्दनाक घटना टिक्कमपुर गांव की है, जहां देर रात बारात वापस लौटी थी। बस से उतरकर घर की ओर जा रहे रोहतास पुत्र सीताराम जैसे ही सड़क पार करने लगे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहतास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजनों ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह के अनुसार पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन की पहचान होते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हरिद्वार जनपद में बीते कुछ दिनों में सड़क हादसों में एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इनमें कई घटनाएं देर रात अंधेरे में हुईं, जहां अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि लगातार अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



