समाचार सच, अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बसौली क्षेत्र में अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें डेढ़ साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते 26 फरवरी को कार संख्या डीएल 9सी बीएच 8402 अल्मोड़ा की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन बसौली के पास चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच पहुंचा, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गहरी खाई के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी 8 लोग दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। सभी लोग वधू पक्ष के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान
-मंजू देवी (44 वर्ष), निवासी कांडे, ताकुला
-दिनेश राम (50 वर्ष), निवासी झिझाड़, ताकुला
-रेहान (11 माह), निवासी थपनिया, ताकुला
हादसे में रेहान के माता-पिता समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा भेजा गया है। इधर पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



