समाचार सच, देहरदून। दो मार्च से शुरू हो रही उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए बोर्ड ने कमर कस ली है। परीक्षाएं 25 मार्च तक चलेंगी। पहली अप्रैल से 15 अप्रैल तक मूल्यांकन का काम होगा। बोर्ड ऑफिस में परीक्षा समिति की बैठक में बोर्ड सभापति आरके कुंवर ने नकल रोकने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकल रोकने को हर जनपद में सचल दस्ता बनाया गया है। अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी लगाने पर भी विचार किया गया है। बैठक में 15 बिंदुओं पर चर्चा की गई। बताया गया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा हर परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक व कस्टोडियन की ओर से जाएगी।
बैठक में सचिव डॉ. नीता तिवारी, संयुक्त निदेशक भूपेंद्र सिंह नेगी, अपर सचिव एनसी पाठक, संयुक्त सचिव केके वार्ष्णेय, सुभागा आर्य, उपसचिव सीपी रतूड़ी, मंच संचालन मनोज पाठक समेत सभी जिलो के मुख्य शिक्षा अधिकारी, संकलन केंद्र के प्रधानाचार्य, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस वर्ष हाईस्कूल में संस्थागत 146789, व्यक्तिगत 3600, कुल 150389 बच्चे परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट में संस्थागत 116150, व्यक्तिगत 5151, कुल 121301 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रदेश में 1324 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 225 संवेदनशील, 27 अति संवेदनशील केंद्र हैं। 13 मुख्य संकलन और 23 उपसंकलन केंद्र बनाए गए हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


