
समाचार सच, पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक खेल प्रांगण में आयोजित “उत्तराखंड अंतर-विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता” का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि गुरमीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं खेल ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में पहली बार उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की टीम ने भागीदारी करते हुए प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा खेमराज भट्ट की उपस्थिति में टीम मैनेजर प्रो. कमल देवलाल, डॉ. राजेश मठपाल, डॉ. मीनाक्षी राणा और डॉ. दीपक शर्मा ने खिलाड़ियों का नेतृत्व किया। विश्वविद्यालय के 20 छात्र-खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
उद्घाटन समारोह का विशेष आकर्षण विश्वविद्यालय टीम का अनुशासित फ्लैग मार्च रहा। खिलाड़ियों ने एकता, उत्साह और ऊर्जा के साथ मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी, जिसे दर्शकों और अतिथियों ने सराहा। प्रतियोगिता के अंतर्गत विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों महिपाल और विक्रम सिंह ने 800 मीटर दौड़ में प्रतिभाग किया। सीमित समय में तैयार हुई टीम की प्रतिबद्धता और समन्वय पूरे समारोह के दौरान चर्चा का विषय बना रहा।
अपने संबोधन में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पंतनगर की ऐतिहासिक भूमि पर आयोजित इस खेल महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवा पीढ़ी के समग्र व्यक्तित्व विकास का आधार हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन और सशक्त चरित्र का भी निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रयासों की विशेष प्रशंसा की गई, जो दूरस्थ शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को खेल और सह-पाठ्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के अवसर प्रदान कर रहा है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



