समाचार सच, देहरादून। बढ़ते तापमान के बीच उत्तराखंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने 14 से 19 मार्च तक का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार राज्य के कई पर्वतीय जिलों में आने वाले दिनों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं कुछ दिनों तक मैदानी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी गढ़वाल जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
कुमाऊं मंडल में बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि बागेश्वर और पिथौरागढ़ में 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
15 मार्च को प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दिन बर्फबारी का दायरा 3500 मीटर तक के क्षेत्रों में रहने का अनुमान है। वहीं मैदानी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की चेतावनी भी जारी की है।
16 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों और मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
17 मार्च को प्रदेश के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 3300 मीटर से ऊपर बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
18 और 19 मार्च को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों के दौरान उत्तराखंड के अधिकतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



