कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की तिकड़ी विस चुनाव में निभाएगी अहम भूमिका
समाचार सच, हल्द्वानी। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार ने विफलताओं का पहाड़ खड़ा कर लिया है। इस पहाड़ को ध्वस्त करने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की तिकड़ी अहम भूमिका निभाएगी। वह यहां नैनीताल रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से मुखातिब थे। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में चुनाव के दौरान कई वायदे किये, लेकिन सत्ता में आने के बाद यह मुद्दे दरकिनार होते गए। विकास की गाथा लिखने वाली भाजपा सरकार ने विफलताओं का इतिहास स्वयं ही लिख डाला है। त्रिवेंद्र सरकार में गरीब व असहाय को नहीं बल्कि चंद चहेतों को मदद मिली है। जिसके चलते जनता का रूझान कांग्रेस की तरफ बढ़ा है। सरकार की विफलताओं के चलते हर कोई कांग्रेस से जुड़ रहा है। कहा कि विधान सभा चुनाव में जीत के लिए संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बूथ रणनीति पर फोकस करते हुए कहा कि इसके दम पर चुनाव जीता जायेगा। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी में सभी का स्वागत है। कहा कि पार्टी से बाहर गया कोई नेता चुनाव में उपयोगी साबित हो सकता है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप न हो तो उसे लेने में कोई दिक्कत नहीं होगी। बशर्ते उस पर भ्रष्टाचार के आरोप न हों। लेकिन बागियों पर यह नियम लागू होने के सवाल पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाये। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर वायदे पूरे न करने का आरोप लगाया है। कहा कि जीरो टोलरेंस वाली सरकार के मुखिया व सलाहकार पर ही भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। जीरो टोलरेंस का दावा हवाई साबित हुआ है। वार्ता में नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहितों की अनदेखी कर रही है। विकास कार्यों में पूरी तरह ब्रेक लग गया है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। महिलाओं पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। किसान समस्याओं को लेकर परेशान हैं। कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, किसान और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस चुनाव में उतरेगी।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय सचिव व विधायक काजी निजामुद्दीन, उप नेता प्रतिपक्ष करन महरा, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, राहुल छिमवाल मुख्यरूप से मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440










