समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज भी कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
देहरादून स्थित मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इन जिलों में तेज हवाएं चलने (40 से 50 किमी प्रति घंटे) और बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खुले स्थानों और ऊंचाई वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देहरादून में आज मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ इलाकों में गरज वाले बादल बनने से हल्की बारिश संभव है। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से कम से लेकर सामान्य रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में अधिक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। बारिश और बर्फबारी के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



