1100 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
समाचार सच, हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पांच लोगों को नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए और जनसभा को संबोधित करते हुए घुसपैठियों के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग देश के नागरिक नहीं हैं, उन्हें बाहर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज राज्य में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष और केंद्र में भाजपा की सरकार के नौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। शाह ने कहा कि एक समय ऐसा था जब राज्य अपनी पहचान और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन तब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने युवाओं की आवाज को दबाया।
केंद्रीय गृह मंत्री के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद हरिद्वार में उन्होंने ई-ज़ीरो एफआईआर प्रणाली का उद्घाटन किया। इसी प्रणाली के माध्यम से पहली एफआईआर अल्मोड़ा निवासी द्वारा धोखाधड़ी के मामले में दर्ज की गई।
कार्यक्रम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों—शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई सहित पांच लोगों को नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही पांच पुलिस आरक्षियों को राष्ट्रीय सेवा मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गृह मंत्री ने लगभग 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं हाल ही में नियुक्त हुए 2000 पुलिस कर्मियों ने भी उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने गृह मंत्री शाह को राज्य की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक के रूप में पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इसके अलावा शाह ने राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और कई परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया, जिसमें 19 परियोजनाएं (312.31 करोड़ रुपये) और 32 परियोजनाएं (115.09 करोड़ रुपये) शामिल हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



