समाचार सच, उखीमठ/देहरादून। महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार को विशेष पूजा-अर्चना के बाद केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित की गयी। बाबा केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 29 अप्रैल को खुलेंगे। मेष लग्न में सुबह 6ः10 पर मंदिर का द्वार आम दर्शनों के लिए खोला जाएगा। इसके बाद छह माह तक अराध्य की पूजा-अर्चना धाम में ही होगी।
महाशिवरात्रि पर्व पर शुक्रवार प्रातः उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में खास तैयारियां शुरू हो गई थी। ओंकारेश्वर मंदिर में शुक्रवार को तड़के आराध्य की विशेष पूजा-अर्चना हुई तद्पश्चात प्रातः नौ बजे रावल गद्दी परिसर में हक-हकूकधारियों, आचार्यगणों, बीकेटीसी के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पंचांग गणना के आधार पर केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि तय की गई। जिसमें आगामी 29 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाने की तिथि तय की गयी।
जानकारी देते हुए मंदिर समिति के पदाधिकारियों बताया कि 25 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में भगवान भैरवनाथ की पूजा होगी। 26 अप्रैल को केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली केदारनाथ धाम की ओर प्रस्थान करेगी। बाबा केदार की उत्सव डोली 27 अप्रैल को गौरीकुंड रात्रि विश्राम और 28 अप्रैल शाम को पंचमुखी डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 29 अप्रैल को मेष लग्न में प्रातः 6 बजकर 10 मिनट पर केदारनाथ धाम के कपाट आप श्रद्धालुओं के लिए शीतकाल तक के लिए खुले रहेंगे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


