रवासन नदी में बहा 14 साल का आर्यन, तलाश के बाद मिला शव; परिवार में मचा कोहराम

खबर शेयर करें

समाचार सच, हरिद्वार डेस्क। लालढांग क्षेत्र में गुरुवार को रवासन नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आया 14 वर्षीय छात्र आर्यन भट्ट आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया। शुक्रवार को पुलिस, जल पुलिस और ग्रामीणों की टीम ने सघन तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद छात्र का शव नदी से बरामद कर लिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

पुलिस के अनुसार रसूलपुर निवासी आर्यन भट्ट पुत्र मंगलेश भट्ट गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद अपने एक सहपाठी के साथ काली मंदिर वाले रास्ते से घर लौट रहा था। सहपाठी उसे रवासन नदी के किनारे तक छोड़कर वापस चला गया। इसके बाद आर्यन अकेले ही नदी पार करने लगा।

बताया जा रहा है कि नदी के बीच पहुंचते ही अचानक तेज बहाव आया और आर्यन उसका सामना नहीं कर सका। देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना दोपहर करीब 1रू30 बजे की बताई गई है।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 4 सितंबर 2026, शुक्रवार | श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

शाम तक जब आर्यन घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों से जानकारी लेने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो ग्रामीणों ने नदी में बहने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यामपुर कोतवाली पुलिस और जल पुलिस की टीम ने रवासन नदी में खोजबीन शुरू कर दी।

शुक्रवार को तलाश अभियान के दौरान नलोवाला कक्ष के सामने रवासन नदी से आर्यन का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आर्यन अपने परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता मंगलेश भट्ट वन विभाग में दैनिक मजदूर के रूप में कार्य करते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें -   शनि मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर ‘भ्रामक प्रचार’ का आरोप, समिति ने प्रेसवार्ता कर बताई 20 साल पुरानी पूरी कहानी

ग्रामीणों का कहना है कि मीठीबेरी गांव के पास रवासन नदी पर करीब 300 मीटर स्पान का पुल बनाया गया है। इसके बावजूद रसूलपुर गांव के ग्रामीण और स्कूली बच्चे दूरी अधिक होने के कारण कई बार सीधे नदी पार कर आवागमन करते हैं।

बरसात के दिनों में रवासन नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में नदी पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आवागमन को लेकर स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था किए जाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि 14 वर्षीय छात्र के नदी में बहने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जल पुलिस की टीम ने तलाश अभियान चलाया। अभियान के दौरान छात्र का शव बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440