समाचार सच, हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। शुक्रवार को 278 मामले सामने आए हैं, जिनमें सबसे अधिक 85 मामले ऊधमसिंहनगर जिले में सामने आए हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 73, नैनीताल 34, देहरादून 21, टिहरी 16, चंपावत सात, छह-छह मामले पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी, चार रुद्रप्रयाग, एक चमोली में सामने आया है। वहीं, 304 मरीज पूरी तरह से ठीक हुए हैं, जबकि दस संक्रमितों की मौत हुई है। इसमें तीन मौत दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल, चार मौत एम्स ऋषिकेश और तीन हल्द्वानी के एसटीएच में हुई। अब तक राज्य में कोरोना संक्रमित 114 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले सात दिन में 34 मरीजों की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सुद्धोवाला निवासी 56 वर्षीय महिला, गोवर्द्धनपुर लक्सर निवासी 62 वर्षीय महिला और भूपतवाला हरिद्वार निवासी 73 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में कोविड पॉजिटिव चार मरीजों की मौत हो गई। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि कस्बा नहटौर थाना नहटौर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश निवासी 80 वर्षीय महिला, ज्वालापुर हरिद्वार निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग, कनखल हरिद्वार निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग और 25 वर्षीय युवक मूल रूप से पश्चिम चंपारण बिहार की मौत हो गई है। यह सभी मरीज विभिन्न गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे।
इधर हल्द्वानी के डॉ सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती रूद्रपुर निवासी एक व्यापारी की 60 वर्षीय कोरोना संक्रमित पत्नी की भी मौत हो गई। इसकी पुष्टि एसटीएच के एमएस डॉ अरूण जोशी ने की है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से इस महिला तबियत खराब चल रही थी। बुखार व अन्य दिक्कतों के कारण महिला का शहर के निजी अस्पतालों में भी उपचार कराया गया, लेकिन लाभ नहीं मिला। इस पर बीती शाम परिजन महिला को जिला अस्पताल ले गये। जहां महिला में कोरोना संक्रमण के लक्षण देखकर चिकित्सकों ने उसका सैंपल लिया और आइसोलेट कर दिया। रात को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। रात को जब महिला की तबियत ज्यादा बिगड़ने लगी तो उसे हल्द्वानी के एसटीएच रैफर कर दिया गया। जबकि देर सायं तक एसटीएच में भर्ती 45 वर्षीय महिला, 38 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हुई। कुल मिला कर हल्द्वानी एसटीएच में शुक्रवार को तीन संक्रमित महिलाओं की मौत हुई है।
प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 8901 हो गया है, जिनमें से 5731 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 3020 मामले एक्टिव हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर जम्मू कश्मीर से आए एक सेना के जवान की रेंडम रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जवान को एंबुलेंस से सर्वे चौक देहरादून स्थित तीलू रौतेली भवन में बने को भी सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। नगर निगम रुड़की में तैनात एक कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो गया है। जिसके बाद नगर निगम कार्यालय को सील कर दिया है। कर्मचारी के संपर्क में आए अन्य कर्मियों को चिह्नित किया जा रहा है। उनकी भी कोविड-19 की जांच कराई जा रही है। तीन दिन पहले नगर निगम के एक ठेकेदार में भी पुराना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों का तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को भी सेना व आइटीबीपी के 66 जवानों समेत 369 और लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा रुद्रपुर के महापौर की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में अब तक 8623 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें से 5427 लोग ठीक हो चुके हैं। फिलवक्त, 3054 मरीजों का इलाज चल रहा है। 38 मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गुरुवार को 4313 सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिली है। जिनमें 3944 मामलों में रिपोर्ट निगेटिव और 369 की पॉजिटिव आई है। हरिद्वार में सबसे ज्यादा 109 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 30 संक्रमितों के संपर्क में आए लोग हैं। वहीं अन्य की ट्रेवल हिस्ट्री अभी पता नहीं चल पाई है। देहरादून में 68 नए मामले हैं। इनमें तीन स्वास्थ्य कर्मी और सात सेना व आइटीबीपी के जवान हैं। ऊधमसिंहनगर में भी रूद्रपुर के महापौर समेत 56 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें तीन स्वास्थ्य कर्मी, छह गर्भवती महिलाएं और दो फ्लू क्लीनिक में चेकअप कराने पहुंचे लोग हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












