समाचार सच, देहरादून डेस्क। राजधानी देहरादून के चंदन नगर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सरकारी बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े सात वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच स्कूटी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक युवक को चोट आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि बोलेरो में सवार चारों लोग नशे की हालत में थे। दुर्घटना के बाद चालक समेत सभी चार लोग मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात चंदन नगर क्षेत्र में कृषि विभाग से जुड़ी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच स्कूटी और दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में एक युवक को चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को क्रेन की मदद से हटवाया और अपने कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय बोलेरो में चालक समेत चार लोग सवार थे और वे कथित तौर पर नशे की हालत में थे। दुर्घटना के बाद चारों के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। हालांकि, नशे में होने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
दुर्घटना में शामिल बोलेरो पर ‘उप कृषि निदेशक सांख्यिकी’ का बोर्ड लगा होने की जानकारी सामने आई है। इससे वाहन के कृषि विभाग से संबंधित होने की बात कही जा रही है। हादसे के बाद सरकारी वाहन के इस्तेमाल और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब फरार लोगों की पहचान, दुर्घटना के कारणों और वाहन से संबंधित तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



