एमबीपीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में होगा पंडित चंद्रशेखर पंत शास्त्रीय संगीत समारोह, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
समाचार सच, हल्द्वानी। हल्द्वानी एक बार फिर शास्त्रीय संगीत की मधुर स्वर लहरियों से गूंजने वाला है। आगामी 25 जुलाई को एमबीपीजी राजकीय महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में पंडित चंद्रशेखर पंत शास्त्रीय संगीत समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में उत्तराखंड के उभरते कलाकारों के साथ देश के प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीत साधक भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तरांचल मातृ एवं बाल कल्याण समिति, हल्द्वानी एवं नादस्पर्शम के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली, नॉर्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर (एनजेडसीसी), प्रयागराज तथा एमबीपीजी राजकीय महाविद्यालय का सहयोग प्राप्त है।
आयोजकों के अनुसार समारोह का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की युवा और स्थानीय संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से हल्द्वानी की विभिन्न संगीत संस्थाओं को भी इस आयोजन से जोड़ा गया है।
समारोह में शुभनाद म्यूजिक संस्थान, नूपुर कला संस्थान, राधा कृष्ण संगीत संस्थान तथा नादस्पर्शम बैंड अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा नई दिल्ली से आने वाले ख्यातिप्राप्त शास्त्रीय कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा मौजूद रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में महापौर गजराज बिष्ट, पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बनकोटी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट तथा ईपीएफ कमिश्नर सिद्धार्थ सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
आयोजकों ने संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर उत्तराखंड की संगीत परंपरा और युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



