समाचार सच, डोईवाला। देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने पशुपालक के बाड़े में घुसकर ऐसा आतंक मचाया कि दर्जनों भेड़-बकरियों की जान चली गई। कुड़कावाला बस्ती में देर रात हुई इस घटना के बाद पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कुत्तों के हमले से घबराए पशुओं में मची भगदड़ के दौरान 33 भेड़-बकरियों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कुड़कावाला बस्ती निवासी पशुपालक जॉनी के पास करीब 90 भेड़-बकरियां हैं। बताया जा रहा है कि देर रात अचानक आवारा कुत्तों का एक झुंड पशुओं के बाड़े में घुस गया और वहां मौजूद भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले और कुत्तों के भौंकने से बाड़े में मौजूद भेड़-बकरियां बुरी तरह डर गईं। जान बचाने के प्रयास में पशुओं के बीच भगदड़ मच गई और वे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ने लगीं। इस दौरान कई पशु बाड़े में दब गए और कुछ का दम घुट गया।
सुबह जब पशुपालक जॉनी बाड़े में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। बाड़े में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां मृत पड़ी थीं। घटना में कुल 33 भेड़-बकरियों की मौत होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही डोईवाला की वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. पूजा पांडे मौके पर पहुंचीं और मृत पशुओं का निरीक्षण किया। पशु चिकित्सक की ओर से मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि बाड़े में मौजूद अन्य पशु भी घटना के बाद काफी सहमे हुए हैं, जिन्हें आवश्यक उपचार और देखभाल दी जा रही है।
इस घटना से पशुपालक जॉनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित पशुपालक ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मृत भेड़-बकरियों के नुकसान का उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग की है।
डोईवाला में हुई इस घटना ने एक बार फिर आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



