चंपावत में दर्दनाक हादसा! सड़क खुलने का इंतजार कर रही कार पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, चार घायल

खबर शेयर करें

समाचार सच, चंपावत।
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने का सिलसिला जानलेवा साबित हो रहा है। चंपावत जिले के बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में सड़क खुलने का इंतजार कर रही एक कार पर पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम बोल्डर गिर गया। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

मसान देवता मंदिर के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार सोमवार, 7 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे गंगोलीहाट के टिम्टा गांव से अल्टो कार संख्या UK 05 TA 2878 पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। कार जब बाराकोट ब्लॉक के घाट-पनार मोटर मार्ग पर मसान देवता मंदिर के पास पहुंची तो सड़क बंद होने के कारण वाहन को रोकना पड़ा।
बताया जा रहा है कि वाहन सड़क खुलने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर नीचे आ गिरा और कार उसकी चपेट में आ गई। हादसे के समय दो युवक कार के अंदर बैठे थे, जबकि तीन युवक वाहन के बाहर खड़े थे। बोल्डर की चपेट में आने से सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक युवक नदी किनारे जा गिरा, कार में फंसे रहे अन्य लोग
हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति छिटककर नदी किनारे जा गिरा, जबकि अन्य लोग क्षतिग्रस्त कार के आसपास और भीतर फंस गए। भारी बोल्डर की चपेट में आने से कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरागढ़ की घाट चौकी और चंपावत जिले की बाराकोट चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ और अन्य राहत-बचाव दलों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार और सुनील कुमार को 108 एंबुलेंस के माध्यम से लोहाघाट उप जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन संदीप कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें -   ज्योलीकोट में दूषित पानी का कहर! 2 की मौत, 250 से ज्यादा बीमार… आखिर तीन महीने तक क्यों नहीं जागा सिस्टम?

दिल्ली में नौकरी करता था मृतक संदीप
हादसे में जान गंवाने वाले संदीप कुमार पुत्र भवानी राम (35 वर्ष), निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे और इन दिनों छुट्टी लेकर घर आए हुए थे।
संदीप अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके तीनों बच्चे जीआईसी टिम्टा में पढ़ते हैं। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे और संदीप की मौत से पूरे टिम्टा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

हादसे में घायल होने वालों में शामिल हैं—
सुनील कुमार पुत्र आनंद राम (23 वर्ष), निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट
राहुल कुमार पुत्र शंक (23 वर्ष), निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट
सुभाष चंद्र पुत्र शिवराम (44 वर्ष), निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट
मनोहर पुत्र जोगा राम (45 वर्ष), निवासी टिम्टा, गंगोलीहाट

चिकित्सकों के अनुसार एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -   भाजपा की बड़ी बैठक से पहले हल्द्वानी में गणेश पूजन और भूमि पूजन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने लिया तैयारियों का जायजा

डीएम के निर्देश पर पहुंचीं एसडीएम, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही चंपावत के जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
वहीं, मृतक संदीप कुमार के परिजनों को आपदा राहत नीति के मानकों के अनुरूप 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया है।

स्थानीय लोगों ने भी निभाई अहम भूमिका
घायलों को खाई और दुर्घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकालने में स्थानीय निवासी मदन सिंह सामंत, शमशेर सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र सिंह और पंकज तिवारी ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। स्थानीय लोगों की तत्परता और राहत टीमों के संयुक्त प्रयास से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।

लगातार बारिश से पहाड़ों में जनजीवन प्रभावित
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने पर्वतीय क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं के कारण कई सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ जिले में भी बारिश के चलते दो दर्जन से अधिक सड़कें बंद होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

बारिश के इस दौर में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करना लगातार जोखिम भरा होता जा रहा है और प्रशासन लोगों से आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर निकलने की अपील कर रहा है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440