समाचार सच, लालकुआं।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य एवं धारी-पोखराढ़ निवासी किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से नैनीताल दुग्ध संघ परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की खबर मिलते ही संचालक मंडल, प्रबंध कमेटी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।
किशन सिंह बिष्ट सहकारिता और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे। वह नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य के रूप में दो बार निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके अलावा उन्होंने धारी क्षेत्र में दो बार ग्राम प्रधान और एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
पहाड़ में ‘कीवीमैन’ के नाम से मिली पहचान
किशन सिंह बिष्ट की पहचान केवल सहकारी क्षेत्र तक सीमित नहीं थी। पर्वतीय क्षेत्रों में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयासों के चलते उन्हें ‘कीवीमैन’ के नाम से भी पहचान मिली। उन्होंने किसानों और पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय एवं पशुपालन से जोड़ने के साथ ही पहाड़ में कृषि एवं बागवानी आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दिया।
ग्रामीण विकास, दुग्ध व्यवसाय, पशुपालन और सहकारिता से उनका गहरा जुड़ाव रहा। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने जताया गहरा दुःख
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किशन सिंह बिष्ट का अचानक चले जाना दुग्ध संघ और सहकारी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से संस्था ने एक सक्रिय एवं समर्पित सहयोगी खो दिया है।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि किशन सिंह बिष्ट के निधन के चलते तीन दिनों तक बैठक, बोनस वितरण सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रम निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के आँचल परिवार, प्रबंध कमेटी, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी किशन सिंह बिष्ट के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



