समाचार सच, नैनीताल। भगवान आदि कैलाश की धार्मिक यात्रा के इच्छुक भक्तों के लिए अच्छी खबर है। तीन साल बाद यात्रा का संचालन एक निजी फर्म कर रही है। यात्रा को लेकर लोगों में किस कदर उत्साह है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि यात्रा के लिए अब तक 415 यात्री अपनी बुकिंग करा चुके हैं। यात्रा का संचालन भले ही निजी फर्म कर रही है, लेकिन यात्रा के लिए पूरा सिस्टम केएमवीएन पर ही रहेगा। निगम के अधिकारी सभी पड़ावों का निरीक्षण कर लौट चुके हैं। आदि कैलाश की यात्रा के दौरान प्रवास, भोजन व गाइड की व्यवस्था केएमवीएन ही उपलब्ध कराएगा। भगवान आदि कैलाश की यात्रा किन पड़ावों से होकर जाएगी इसके बारे में जानते है – यात्रा सर्वप्रथम दिल्ली से काठगोदाम पहुंचेगी। उसके बाद काठगोदाम से यात्रा दल पहले दिन पिथौरागढ़ पहुंचेगा। दूसरे दिन पिथौरागढ़ से धारचूला जाएगा।
तीसरे दिन धारचूला में इनरलाइन परमिट तैयार कर दल वाहन से सीधे गुंजी पहुंचेगा। चौथे दिन दल गुंजी से ज्योलिगकोंग जाकर आदि कैलाश और पार्वती सरोवर के दर्शन करने के बाद वापस गुंजी लौटेगा। पांचवे दिन दल गुंजी से नावीढांग जाएगा। वहां ओम पर्वत के दर्शन कर रात्रि विश्राम के लिए नाबी लौटेगा। अगले दिन नाबी से धारचूला होते हुए दल डीडीहाट या चौकोड़ी पहुंचेगा। सातवें दिन दल को वापस काठगोदाम पहुंचना होगा।
आपको बता दे आदि कैलाश क्षेत्र में जीरो प्वाइंट तक सड़क तैयार है। अभी पार्वती सरोवर तक जाने वाली सड़क में एवलांच के चलते बर्फ जमा है। यात्रा शुरू होने तक बर्फ पिघलने के पूरे आसार हैं। कुमाऊं के 9 युवाओं का दल भी रविवार को आदि कैलाश यात्रा के लिए रवाना हो चुका है। दल में नैनीताल, हल्द्वानी, रुद्रपुर व कुमाऊं के अन्य क्षेत्रों के लोग शामिल हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440













