समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। मध्य एशिया में जारी तनाव के बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से भ्रामक खबरें फैलाने की कोशिश की जा रही है। शासन और प्रशासन ने इन अफवाहों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आम जनता को किसी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है।
सरकार के निर्देशों के तहत मुख्य सचिव, डीजीपी और गृह सचिव ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और आपूर्ति अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि पूरे उत्तराखंड में एलपीजी का दो से तीन सप्ताह से अधिक का स्टॉक पहले से उपलब्ध है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार सहित विभिन्न जनपदों में स्थित बड़े बॉटलिंग प्लांट्स में नियमित उत्पादन जारी है। प्रदेश न केवल अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा है, बल्कि अन्य राज्यों को भी आपूर्ति कर रहा है।
इधर, जनपद नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई डीलर या डिस्ट्रीब्यूटर ब्लैक मार्केटिंग, जमाखोरी या अवैध डाइवर्जन में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि ओवररेटिंग या कालाबाजारी करने वाली गैस एजेंसियों के संचालकों के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी डीलरशिप निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए ईंधन ले जाने वाले ट्रकों और टैंकरों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की क्षति पहुँचाने या अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नजर संदिग्ध चालकों और तस्करी से जुड़े तत्वों पर भी बनी हुई है।
जनपद में थानों और सर्कल स्तर पर क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है, जिसमें तहसीलदार, एसडीएम और सीओ शामिल हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगी। साथ ही आपूर्ति विभाग के अधिकारी एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल से निरंतर संपर्क में रहकर स्टॉक की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। यदि किसी नागरिक को एलपीजी बुकिंग या ईंधन आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या आती है, तो वे तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं। नैनीताल पुलिस और प्रशासन जनता की सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



