हल्द्वानी में चला प्रशासन का बुलडोजर! बनभूलपुरा में 20 से ज्यादा अवैध निर्माण जमींदोज, जलभराव पर बड़ा एक्शन

खबर शेयर करें

बारिश में डूबते शहर के बाद सख्त हुई प्रशासनिक मशीनरी, चेतावनी- नालों और सरकारी जमीन पर कब्जा किया तो नहीं बख्शेंगे

समाचार सच, हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में जलभराव की गंभीर समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को बनभूलपुरा में बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया। प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने लाइन नंबर-1 स्थित ईदगाह के पास नालों पर किए गए 20 से अधिक अवैध पक्के अतिक्रमणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में चले इस अभियान का उद्देश्य मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाना था। प्रशासन के अनुसार नालों पर किए गए अवैध कब्जों की वजह से बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा था, जिससे सड़कें जलमग्न हो रही थीं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने का मौका दिया गया था। तय समय के भीतर कब्जे नहीं हटाए जाने पर शनिवार को जेसीबी के जरिए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।

यह भी पढ़ें -   बागेश्वर: बदियाकोट के ऐतिहासिक मां भगवती मंदिर में भीषण अग्निकांड, लकड़ी से बनी प्राचीन संरचना को भारी नुकसान

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने साफ कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव से राहत दिलाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर के अन्य क्षेत्रों में भी नालों व सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया जाएगा।

यह भी पढ़ें -   वरिष्ठ नागरिक सप्ताह पर रवैल सिंह आनंद का संदेश, बुजुर्गों को स्वस्थ, खुशहाल और सकारात्मक जीवन जीने की दी प्रेरणा

प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक नालों, नालियों और सरकारी भूमि पर कब्जा न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे मामलों में बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि हल्द्वानी को जलभराव मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440