समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणामों और प्रवेश के मामले में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रेसवार्ता में बताया कि जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं के बाद महज 17 दिनों में परिणाम घोषित किए गए। वहीं, विश्वविद्यालय में कुल प्रवेश की संख्या बढ़कर 48,444 पहुंच गई है। विश्वविद्यालय ने नेपाल के विद्यार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है।
प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा एवं मूल्यांकन व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहल और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई।
17 दिनों में घोषित किया परीक्षा परिणाम
विश्वविद्यालय में जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाएं 20 जुलाई से 27 अगस्त तक आयोजित की गईं। इसके बाद केंद्रीय मूल्यांकन प्रक्रिया 13 सितंबर तक पूरी की गई। विश्वविद्यालय के अनुसार, परीक्षा और मूल्यांकन के बीच बेहतर समन्वय के चलते परीक्षा समाप्त होने के महज 17 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिए गए।
इस सत्र में प्रदेशभर के 80 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित हुईं। मूल्यांकन कार्य में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के करीब 300 शिक्षकों एवं प्राध्यापकों ने योगदान दिया। इनमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, गोरखपुर विश्वविद्यालय और रुहेलखंड विश्वविद्यालय सहित कई संस्थानों के शिक्षक शामिल रहे।
48 हजार से अधिक हुए प्रवेश
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जुलाई 2025 सत्र में कुल 46,558 प्रवेश हुए थे, जबकि जुलाई 2026 सत्र में यह आंकड़ा बढ़कर 48,444 हो गया। इस तरह विश्वविद्यालय में कुल प्रवेश में 1,886 की वृद्धि दर्ज की गई, जो लगभग 4.05 प्रतिशत है।
वहीं, नए प्रवेशों की संख्या भी 19,277 से बढ़कर 19,757 पहुंच गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों के बढ़ते रुझान का संकेत बताया।
नेपाल के विद्यार्थियों के लिए भी खुले प्रवेश के रास्ते
विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षणिक पहुंच का विस्तार करते हुए नेपाल के विद्यार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। इस पहल से सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
परिसर में ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन की सुविधा
पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने ईज़ी चार्ज (EZY Charge) के सहयोग से परिसर में ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया है। इसका उद्देश्य विद्युत वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा देना है।
इसके साथ ही हरेला पर्व के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। इन पहलों के माध्यम से परिसर को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
18 अक्टूबर को शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम
हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र (16000) में 18 अक्टूबर 2026 को शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट, परीक्षा व्यवस्था और शैक्षणिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
विश्वविद्यालय की योजना इस कार्यक्रम को आगे अन्य अध्ययन केंद्रों तक भी विस्तारित करने की है, जिससे अधिक से अधिक शिक्षार्थियों को अध्ययन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मिल सके।
31 अक्टूबर को स्थापना दिवस, 18 नवंबर को दीक्षांत समारोह
विश्वविद्यालय का 21वां स्थापना दिवस समारोह 31 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा और मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
वहीं, आगामी दीक्षांत समारोह 18 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में सफल विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, आयोजन से जुड़ी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में ये अधिकारी रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, निदेशक सीका प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय, निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं प्रो. एम.एम. जोशी, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट और प्रभारी प्रवेश डॉ. सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



