बसंत पंचमी पर बदरीनाथ और महाशिवरात्रि के दिन तय होगी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि : डॉ. हरीश गौड़

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि बसंत पंचमी 16 फरवरी मंगलवार को पंचाग गणना के बाद विधि-विधान से नरेन्द्रनगर स्थित राजदरबार में तय होगी। प्रात: 9.30 बजे से राजदरबार में कपाट खुलने की तिथि घोषित किए जाने के लिए एक समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा का भी दिन निश्चित हो जाएगा। यह जानकारी देते हुए उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में 11 मार्च गुरुवार को शिवरात्रि के अवसर पर तय होगी, जबकि गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट परंपरागत रूप से अक्षय तृतीया के दिन खुलते हैं। तीर्थ पुरोहितों द्वारा नव संवत्सर के दिन शीतकालीन प्रवास मुखबा में गंगोत्री धाम और शीतकालीन प्रवास खरसाली में यमुना जयंती पर यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने का समय तय किया जाता है।
बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि निर्धारण के लिए नरेंद्रनगर राजदरबार में प्रात: 9.30 बजे से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। गाडू घड़ा (तेल कलश) नृसिंह मंदिर जोशीमठ एवं योग ध्यान बदरी पांडुकेश्वर में पूजा अर्चना के बाद 15 फरवरी शाम को देवस्थानम बोर्ड के चंद्रभागा स्थित धर्मशाला में पहुंचेगा। 16 फरवरी को प्रात: राजदरबार के सुपुर्द किया जाएगा। इसी पवित्र घड़े में बाद में समारोह पूर्वक तिलों का तेल भगवान बदरीविशाल के अभिषेक के लिए कपाट खुलने के अवसर पर डिमरी पुजारियों द्वारा बदरीनाथ धाम पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर महाराजा मनुजयेंद्र शाह, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, चारधाम विकास परिषद उपाध्यक्ष आचार्य शिवप्रसाद ममगाई, बदरीनाथ धाम के रावल ईश्वरीप्रसाद नंबूदरी, पं संपूर्णानंद जोशी, आयुक्त गढ़वाल और देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन, देवस्थानम बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह, देवस्थानम बोर्ड के वित्त नियंत्रक जगत सिंह चौहान, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल सहित डिमरी धार्मिक केन्द्रीय पंचायत पदाधिकारी विनोद डिमरी, आशुतोश डिमरी, नरेश डिमरी, ज्योतिष डिमरी एवं आचार्य वेदपाठीगण और श्रद्धालुजन नरेन्द्रनगर राजदरबार पहुंचेगे।

यह भी पढ़ें -   अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई, नैनीताल जनपद में ईंधन आपूर्ति को लेकर प्रशासन अलर्ट

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440