एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ा भीमताल, मुख्यमंत्री धामी ने किया पौधरोपण, झील सौंदर्यीकरण को मिली नई दिशा

खबर शेयर करें

विश्व पर्यावरण दिवस पर भीमताल झील किनारे बोगनबेलिया रोपण अभियान की शुरुआत, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

समाचार सच, नैनीताल/भीमताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल झील परिक्षेत्र में पौधरोपण कर झील सौंदर्यीकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने झील किनारों पर बोगनबेलिया के पौधे लगाए जाने की योजना को पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन संवर्धन की दिशा में एक अभिनव पहल बताया।

भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपनी माता श्रीमती बिसना देवी के नाम पर बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और जीवनशैली सदैव प्रकृति के साथ जुड़ी रही है। यहां के लोकपर्व, परंपराएं और सामाजिक जीवन पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति केवल संसाधन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है और इसके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।

उन्होंने कहा कि नैनीताल जिला अपनी झीलों के कारण देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। वर्षभर बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं, इसलिए झीलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील के किनारों पर बोगनबेलिया के पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे झील क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और अधिक आकर्षक बनेगी।

मुख्यमंत्री ने लोगों से मानसून सीजन में अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

यह भी पढ़ें -   46 साल बाद लौटा गुमशुदा बेटा, आवाज सुनते ही मां ने पहचान लिया; साधु के भेष में देख छलक पड़े आंसू

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भी अपनी दिवंगत माता श्रीमती रेवती देवी की स्मृति में पौधा रोपित किया। वहीं कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी सहित कई अधिकारियों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी की 34वीं बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रकृति प्रेमी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश एक साथ देने का प्रयास किया गया।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440